
रायपुर, 01 फरवरी (प्रेस ब्यूरो)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक फरवरी से शुरू होने वाले राजिम कुंभ कल्प, शिवरीनारायण मेला और सिरपुर महोत्सव के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के प्रयागराज के रूप में विख्यात राजिम में महानदी, पैरी और सोंढूर नदियों के पवित्र त्रिवेणी संगम पर आयोजित होने वाला राजिम कुंभ कल्प हमारी आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक प्रस्तुत करता है। राज्य सरकार इसकी ऐतिहासिक पहचान और गरिमा को पुनर्स्थापित करने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है, जिसके चलते ‘राजिम माघी पुन्नी मेला’ को पुनः ‘राजिम कुंभ कल्प’ के नाम से जाना जाएगा।
साथ ही, साय ने कहा कि इस वर्ष राजिम कुंभ कल्प का आयोजन 01 फरवरी से प्रारंभ होकर 15 फरवरी तक महाशिवरात्रि के अवसर पर मनाया जाएगा, जिसमें रामोत्सव के रूप में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान पुण्य स्नान, साधु-संतों के प्रवचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
मुख्यमंत्री साय ने माघपूर्णिमा पर शिवरीनारायण में महानदी, शिवनाथ और जोंक नदी के संगम पर लगने वाले मेले और महानदी तट पर माघी पूर्णिमा से प्रारंभ होने वाले सिरपुर महोत्सव के सफल आयोजन की भी शुभकामनाएं दी, यह आयोजन छत्तीसगढ़ की आध्यात्मिक चेतना, लोक संस्कृति और पर्यटन को नई पहचान देंगे।
