Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

मकर संक्रांति पर चित्रा अष्टांग योग केंद्र में हुआ सामूहिक सूर्यनमस्कार

धमतरी, 14 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर हाउसिंग बोर्ड हटकेश्वर कॉलोनी में विगत पाँच वर्षों से संचालित निशुल्क एवं नियमित चित्रा अष्टांग योग केंद्र में बुधवार को विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नियमित योगाभ्यास के साथ-साथ सामूहिक रूप से सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया गया।

योग केंद्र के संचालक डॉ. दिनेश कुमार नाग ने कहा कि योग का हमारे जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए प्रतिदिन योग करना आवश्यक है, साथ ही आहार-विहार पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने बताया कि मकर संक्रांति के दिन सूर्य के दक्षिणायन से उत्तरायण होने पर प्रकृति एवं ब्रह्मांड में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। ऐसे समय में सूर्य नमस्कार करने से स्वास्थ्य पर विशेष सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

इन्हीं उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित गार्डन में सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षण नरेश कुमार नाग एवं पूजा नाग द्वारा दिया गया।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में योगा स्टूडेंट एवं समाजसेवी सरिता अग्रवाल उपस्थित रहीं। उन्होंने मकर संक्रांति के महत्व पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि बच्चों के साथ योग करके उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई। उन्होंने अपनी ओर से बच्चों को स्वल्पाहार एवं भेंट भी प्रदान की। विशेष अतिथि योगा स्टूडेंट एवं न्यायाधीश, धमतरी नेहा उसेंडी ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और योग भी उतने ही आवश्यक हैं। ईमानदारी, मेहनत और लगन से किया गया प्रयास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने सामूहिक सूर्य नमस्कार के बाद स्वयं को ऊर्जावान महसूस करने की बात कही। कार्यक्रम का संचालन डा. दिनेश कुमार नाग द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *