Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

शिमला में चिट्टे के साथ धरा पंजाब का युवक

शिमला, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। राजधानी शिमला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अर्न्तगत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। शहर के व्यस्त क्षेत्र ऑकलैंड टनल के पास पुलिस ने एक कार से भारी मात्रा में चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को स्पेशल सेल के एएसआई पुनीत अपनी टीम के साथ लक्कड़ बाजार से संजौली की ओर गश्त पर थे। इस दौरान उन्हें विश्वसनीय सूचना मिली कि लक्कड़ बाजार से संजौली की तरफ आ रही एक कार में चिट्टा है। सूचना में कार नंबर डीएल-8सीएएफ-3130 (शेवरलेट) और चालक की पहचान भी बताई गई थी।

इस सूचना के आधार पर पुलिस ने बताए गए स्थान पर नाका लगाकर कार को रोका और इसकी तलाशी स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में ली। तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड से 20.880 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। कार चला रहे युवक की पहचान 26 वर्षीय अरशदीप सिंह पुत्र अमरजीत सिंह, निवासी जिला फिरोजपुर, पंजाब के रूप में हुई।

पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और नशीले पदार्थ के साथ प्रयोग की गई कार को भी अपने कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से नशे के स्रोत और उसके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

इस संबंध में थाना संजौली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *