नई दिल्ली, 12 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सहित अनेक प्रमुख नेताओं ने सोमवार को राजमाता जीजाबाई की जयंती के अवसर पर उन्हें नमन किया। बिरला ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “वीर छत्रपति शिवाजी महाराज की माता, श्रद्धेय राजमाता जीजाबाई की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। राजमाता जीजाबाई संस्कार, साहस और राष्ट्रधर्म की प्रतिमूर्ति थीं। उन्होंने शिवाजी महाराज के मन में स्वराज, धर्मरक्षा और न्यायपूर्ण शासन के बीज बचपन से ही बो दिए, जो आगे चलकर एक सशक्त और स्वाभिमानी राष्ट्रचेतना में परिवर्तित हुए। उनके जीवन से यह सिद्ध होता है कि मातृशक्ति ही राष्ट्रनिर्माण की प्रथम शिला होती है।”
गृहमंत्री शाह ने कहा कि जीजाबाई ने छत्रपति शिवाजी महाराज में साहस, स्वाभिमान और स्वसंस्कृति की रक्षा के संस्कार भरे, जिससे उन्होंने हिंदवी स्वराज की स्थापना का संकल्प किया और राष्ट्ररक्षा के महान लक्ष्य की ओर प्रेरित किया। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जीजाबाई के पवित्र विचारों की ज्योति सदैव युवाओं को मातृभूमि की सेवा और राष्ट्र उत्थान के लिए प्रेरित करती रहेगी। शिक्षामंत्री धर्मेन्द्र चौहान ने कहा कि जीजाबाई ने अपने जीवन और विचारों से एक नेतृत्व का निर्माण किया, जिसने स्वराज्य की संकल्पना को साकार किया। राजमाता जीजाबाई भारतीय इतिहास में मातृत्व और राष्ट्रचेतना का एक प्रेरणास्त्रोत हैं, जो पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देती रहेंगी। विधि एवं न्याय राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि मराठा गौरव, कुशल प्रशासक और महान योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज की माता जीजाबाई जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि जीजाबाई साहस, त्याग और स्वाभिमान की जीवंत प्रतिमूर्ति हैं, जो मराठा साम्राज्य के गौरव छत्रपति शिवाजी की जननी और राष्ट्रभक्ति की अनुपम मिसाल हैं।
