Saturday, March 7खबर जो असर करे |
Shadow

घने कोहरे से मध्य प्रदेश बेहाल, 17 जिलों में दृश्यता घटी, 7 जिलों में शीतलहर का अलर्ट

भोपाल, 09 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)।
लेखक: LN Star News
मध्य प्रदेश के उत्तरी इलाकों में आज शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा और शहडोल संभाग के कुल 17 जिलों में मध्यम से घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। कोहरे की वजह से दिल्ली से भोपाल, इंदौर और उज्जैन आने-जाने वाली 12 से अधिक ट्रेनें देरी से चलीं। इधर, दतिया और रीवा समेत प्रदेश के 7 जिलों में मौसम विभाग ने शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को ग्वालियर और दतिया में दिन का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। यह इस सीजन का पहला मौका रहा, जब दिन और रात के तापमान में बहुत कम अंतर देखा गया। दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, रीवा, मऊगंज और शहडोल में कोल्ड वेव का असर रहेगा। शहडोल में कोल्ड डे की स्थिति भी बनी रहेगी। गुरुवार को भी प्रदेशभर में घना कोहरा और कड़ाके की ठंड जारी रही, जिससे अधिकांश जिलों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

ठंड के मामले में छतरपुर का खजुराहो सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रीवा में 4.1 डिग्री, दतिया में 4.2 डिग्री, नौगांव और शिवपुरी में 5 डिग्री, उमरिया में 5.4 डिग्री तथा पचमढ़ी में 5.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। प्रदेश के अधिकतर शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे ही रहा। मुरैना में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस पहुंचने के बाद कलेक्टर ने कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों में 9 और 10 जनवरी तक छुट्टी बढ़ाने के आदेश दिए हैं।

शनिवार को भी रहेगा असर
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज में कोहरा छाया रहेगा। इसके बाद मौसम साफ होने की संभावना है और अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।

दिन-रात एक जैसी ठंड
प्रदेश में दिन और रात दोनों समय कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। गुरुवार को ग्वालियर में अधिकतम तापमान एक ही दिन में 7.8 डिग्री गिरकर 10.4 डिग्री पर आ गया, जो न्यूनतम तापमान से महज 4.3 डिग्री अधिक रहा। दतिया में अधिकतम तापमान 11.6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, नौगांव में 14.5 डिग्री, खजुराहो में 14.7 डिग्री, श्योपुर में 17.4 डिग्री, टीकमगढ़ में 17.5 डिग्री, रीवा में 18.5 डिग्री, सतना में 19.4 डिग्री, सीधी में 20.4 डिग्री, पचमढ़ी में 20.8 डिग्री, गुना और दमोह में 22 डिग्री, मलाजखंड में 23 डिग्री तथा नरसिंहपुर और सागर में अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *