Friday, March 6खबर जो असर करे |
Shadow

बरेका ने जीती ऑल इंडिया रेलवे गोल्फ चैंपियनशिप

वाराणसी, 09 जनवरी (प्रेस ब्यूरो)।
लेखक: LN Star News
पंजाब कपूरथला स्थित रेल डिब्बा कारखाना (आरसीएफ) गोल्फ कोर्स में आयोजित 69वीं ऑल इंडिया रेलवे गोल्फ चैंपियनशिप में बनारस लोकोमोटिव वर्क्स (बरेका) की टीम ने पहला स्थान पाया है। बीते गुरूवार (08 जनवरी) को प्रतियोगिता का समापन हुआ। इसमें बरेका टीम ने कुल 448 के प्रभावशाली स्कोर के साथ प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं, मेज़बान रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला,की टीम ने 452 के स्कोर के साथ उपविजेता का गौरव प्राप्त किया, जबकि साउथ सेंट्रल रेलवे, सिकंदराबाद की टीम 472 के स्कोर के साथ तृतीय स्थान पर रही।

यह जानकारी शुक्रवार को बरेका के जनसम्पर्क अधिकारी ने दी। उन्होंने बताया कि व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी बरेका के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। आरसीएफ के युवराज सिंह ने लॉन्गेस्ट ड्राइव प्रतियोगिता जीतने का श्रेय प्राप्त किया और 141 के ग्रॉस स्कोर के साथ सर्वश्रेष्ठ गोल्फर घोषित किए गए। बरेका के गुलफाम हुसैन एवं इमामुल हक को 148-148 के स्कोर के साथ क्रमशः प्रथम एवं द्वितीय उपविजेता पुरस्कार प्रदान किए गए। बरेका की इस शानदार जीत पर बरेका महाप्रबंधक एवं संरक्षक, खेलकूद संघ सोमेश कुमार, प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर एवं अध्यक्ष,खेलकूद संघ सुशील कुमार श्रीवास्तव,मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) एवं महासचिव, खेलकूद संघ सुनील कुमार, जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बरेका की टीम को जीत की बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *