Saturday, September 21"खबर जो असर करे"

चार दिवसीय अमृत युवा कलोत्सव 2022-23 का उद्घाटन आज

भोपाल। आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के अवसर पर चार दिवसीय संगीत, नृत्य और नाटक आधारित अमृत युवा कलोत्सव 2022-23 का आयोजन संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली एवं रंगश्री लिटिल बैले ट्रुप ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। भारत की प्रदर्शन कलाओं में युवाओं की रुचि को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से संगीत नाटक अकादमी का एक अनूठा प्रयास है। भारत अपने अमृत काल में प्रवेश कर रहा है, जहां देश का भविष्य अपने गौरवशाली अतीत की नींव पर बनेगा। इस चार दिवसीय महोत्सव का उद्घाटन आज (मंगलवार को) शाम 6 बजे राजधानी भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित रांगबंध सभागार, रंगश्री लिटिल बैले ट्रुप परिसर में राज्यपाल मंगुभाई पटेल द्वारा किया जाएगा।

 

इस महोत्सव में संगीत नाटक अकादमी की अध्यक्ष डॉ. संध्या पुरेचा एवं संचालक, संस्कृति अदिति कुमार त्रिपाठी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। प्रस्तुतियां 20 से 23 दिसंबर शाम 6 बजे से होंगी। साथ ही महोत्सव में कार्यशालाएं भी होंगी। महोत्सव में सुबह 10 बजे से 11.30 बजे तक कला समीक्षा कार्यशाला भी आयोजित की जा रही है, जिसमें रवींद्र मिश्रा, शशि प्रभा तिवारी, राजेंद्र कोठारी, राम प्रकाश त्रिपाठी, उदयन वाजपेयी, आशीष मिश्रा द्वारा अपने विचार प्रस्तुत किये जायेंगे।

 

महोत्सव में मंगलवार शाम 6 बजे से उद्घाटन सत्र होगा। इसके बाद सूफिय़ाना कलाम प्रस्तुति रूहानी सिस्टर्स दिल्ली द्वारा, भरतनाट्यम प्रस्तुति यमन एकेडमी ऑफ फाइन आट्र्स, भोपाल, बधाई नृत्य प्रस्तुति-लोक रंगदर्पण कला केन्द्र, सागर और गांधी गाथा (नाटक)- निर्देशक सौरभ अनंत, विहान ड्रामा वर्कस, भोपाल द्वारा दी जायेगी।