
मुंबई। ईसाई धर्म को मानना वाले लोगों के लिए क्रिसमस एक महत्वपूर्ण त्योहार है। हालांकि, इस त्योहार में भी दूसरे धर्मों के लोग शिरकत करते हैं। जापान के टोक्यो शहर में भी बड़े ही धूमधाम से लोगों ने क्रिसमस का त्योहार मनाया। वहां का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग ‘हरे कृष्ण’ की धुन पर सैंटा के ड्रेस में क्रिसमस मनाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि ये लोग ISKCON के अनुयायी हैं। लोग ‘हरे कृष्ण, हरे राम’ की धुन पर थिरकते नजर आ रहे हैँ।
वीडियो टोक्यो के शिबुया का है। ISKCON के अनुयायी “जिंगल बेल” की धुन पर हरे कृष्णा मंत्र का जाप कर रहे हैं। सैंटा का पोशाक पहने एक व्यक्ति भीड़ की तरफ हाथ हिलाते और तालियां बजाते हुए नजर आता है। वहीं एक को गाते हुए देखा जा सकता है। इन्हें देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जुट जाती है।
इस वीडियो पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया आ रही है। एक यूजर ने इसे “दो धर्मों का सुंदर मिश्रण” बताया है। एक ने लिखा, “जापानी आगे हैं।” एक ने लिखा, “क्या यह GTA 6 से पहले क्रिसमस और हिंदू धर्म का मिलन है?” एक और व्यक्ति ने लिखा, “यही असली मानवता है। दूसरे धर्म का अपमान किए बिना उसका सम्मान हो रहा है।” इंस्टाग्राम पर शेयर किए जाने के बाद इस वीडियो को 2 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं।
यह पहली बार नहीं है जब इस ISKCON समूह ने क्रिसमस के गानों को हरे कृष्णा मंत्र के साथ मिलाया है। इससे पहले के वीडियो में भी उन्हें सैंटा और एल्व्स के रूप में देखा गया था। वे जापान की सड़कों पर कृष्ण भजन गा रहे थे।
आपको बता दें कि ISKCON अनुयायी अक्सर अपने प्रदर्शन के माध्यम से मंदिरों के निर्माण और रख-रखाव के लिए धन जुटाते हैं। वे प्रमुख और व्यस्त शहर के चौराहों या स्थानीय बाजारों में गाते हुए नजर आते हैं। उनके लिए यह एक साधारण तरीका है।