Saturday, September 21"खबर जो असर करे"

अमेरिका में छह साल के बच्चे ने पांच साल की बहन को गोली मारी

वाशिंगट। अमेरिका के इंडियानापोलिस प्रांत के मंसी शहर में छह साल के बच्चे ने घर में सो रही अपनी पांच साल की बहन को सिर में गोली मार दी। बच्ची की मौके पर ही मौत हो गयी। पुलिस ने बच्चे के मां-बाप को गिरफ्तार किया है।

इंडियानापोलिस के उत्तर पूर्व में स्थित मंसी शहर से सामने आई यह घटना बेहद हृदय विदारक है। वहां रहने वाले जैकब ग्रेसन की पांच साल की बेटी घर में सो रही थी। उस दौरान उनका छह साल का बेटा वहीं खेल रहा था। उसने घर की अलमारी में रखी गोलियों से भरी बंदूक निकाली और खेल-खेल में अपनी बहन पर गोली चला दी। गोली सिर में लगी और बच्ची की मौके पर ही मौत हो गयी।

घटना के बाद 28 साल के जैकब ग्रेसन व उनकी 27 साल की पत्नी किंबर्ली ग्रेसन हतप्रभ रह गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जैकब व किंबर्ली को गिरफ्तार कर लिया। मंसी की उप पुलिस प्रमुख मेलिसा क्रिसवेल ने बताया कि बच्ची की मौत के मामले में माता-पिता यानी जैकब ग्रेसन व किंबर्ली ग्रेसन को लापरवाही बरतने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। (हि.स.)